चर्चित रामानंद यादव हत्याकांड का नामजद आरोपी व खगड़िया के कुख्यात बरुण यादव को एसटीएफ ने किया गिरफ्तार
खगड़िया – बीते 8 अप्रैल को हुए चर्चित रामानंद यादव हत्याकांड का नामजद आरोपी व खगड़िया के कुख्यात बरुण यादव को एसटीएफ ने गिरफ्तार किया है। बुधवार को एसटीएफ ने उसे मुजफ्फरपुर से गिरफ्तार करने के बाद खगड़िया पुलिस को सौंप दिया। कुख्यात अपराधी वरुण यादव की गिरफ्तारी पर 25 हजार का इनाम घोषित था। बीते 8 अप्रैल को सरेशाम हुए गैंगवार में रामानंद यादव की हत्या के बाद से ही वरुण मुजफ्फरपुर में छुपा हुआ था। पुलिस की गिरफ्त में आया कुख्यात बदमाश वरुण खगड़िया जिले के अलौली का रहनेवाला है। खगड़िया का आतंक कहे जानेवाले रामानंद यादव की उसने गैंगवार में हत्या कर दी थी। यह खगड़िया और आसपास के इलाके के लिए बड़ी घटना थी। रामानंद यादव गिरोह के बदले की कार्रवाई की आशंका में वह अलौली छोड़कर मुजफ्फरपुर आ गया था। इसी बीच एसटीएफ को उसके ठिकाने की जानकारी मिल गई।

जिसके बाद एसटीएफ ने बुधवार को मुजफ्फरपुर से उसे गिरफ्तार कर लिया। वरुण के खिलाफ आधा दर्जन से ज्यादा मामले दर्ज हैं। उसके बढ़ते आतंक को देखते हुए बिहार पुलिस ने गिरफ्तारी पर 25 हजार का इनाम घोषित कर रखा था। ज्ञात हो कि कुछ दिनों पूर्व रामानंद हत्याकांड में संलिप्त दो नामजद आरोपी पारो यादव एवं सरविन्द यादव को सहरसा पुलिस ने गिरफ्तार कर सलाखों के पीछे भेजने का काम किया। ये दोनों भी 50 हजार और 25 हजार के इनामी घोषित अपराधी थे। फिलवक्त वरुण की गिरफ्तारी के बाद इलाके की पुलिस ने थोड़ी देर के लिए चैन की सांस जरूर ली है।