जमीन विवाद में खुनी संघर्ष, तेज धारदार हथियार से अधेड़ की हत्या
संवाददाता रितेश हन्नी/सहरसा
सहरसा – जिले के बिहरा थाना क्षेत्र के विशनपुर वार्ड नंबर नौ में भूमि विवाद को लेकर रविवार की रात तेज धारदार हथियार से वार कर एक अधेड़ की हत्या कर दी गई। हत्या मामले में दो महिला समेत छह लोगों के विरुद्ध बिहरा थाना में प्राथमिकी दर्ज कराई गई है। जिसके बाद तीन नामजद आरोपित को पुलिस ने गिरफ्तार कर लिया। जबकि फरार अन्य आरोपित की गिरफ्तारी के लिए छापेमारी जारी है।
मृतक के भाई राजेश यादव के लिखित आवेदन पर दर्ज प्राथमिकी मे कहा गया है कि भाई मृतक सिकंदर यादव उर्फ सक्कन यादव से पड़ोस के ही खोखा यादव को पूर्व से ही भूमि विवाद चला आ रहा था। रविवार की रात उनके भाई समीप के एक चाय दुकान पर चाय पीने के बाद अपने घर आ रहे थे इसी दौरान खोखा यादव एवं उनके पुत्र अरविद यादव, पत्नी किरण देवी, गुनाय यादव, अमित यादव, गिनगिया देवी के अलावा अज्ञात चार लोगों द्वारा जबरन पकड़ लिया गया। उसके बाद अपने दरवाजे पर ले जाकर धारदार हथियार से शरीर के कई हिस्सों पर प्रहार कर हत्या कर दी। हत्या करने के बाद सभी फरार हो गये। इस घटना की सूचना थाना पुलिस को दी गई। सूचना मिलते ही घटना स्थल पहुंच पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम कराने के बाद शव परिजनों को सौंप दिया। वहीं पुलिस ने इस कांड के नामजद तीन तीन आरोपी खोखा यादव उनके पुत्र अरविद यादव एवं अमित यादव को गिरफ्तार कर लिया। बिहरा थानाध्यक्ष अरविंद मिश्रा ने बताया कि हत्याकांड के मामले में तीन नामजद आरोपित की गिरफ्तारी की गई है। अन्य की गिरफ्तारी के लिए छापेमारी जारी है। जल्द ही सभी आरोपियों की गिरफ्तारी की जाएगी।