नियोजित शिक्षकों की सेवइयां हुईं फीकी
नहीं मिला ईद पर भी वेतन, चार माह से है बकाया
संवाददाता सूरज कुमार राठी/जगदीशपुर। ईद जैसे पर्व में भी नियोजित शिक्षकों को वेतन का भुगतान नहीं किया जाना शर्मनाक है। उपरोक्त बातें बिहार राज्य प्रारंभिक शिक्षक संघ के जिला अध्यक्ष पंकज कुमार सिंह मंटू ने कहा।उन्होंने कहा कि वेतन नहीं मिलने से मुस्लिम नियोजित शिक्षकों की सेवइयां फीकी हो गई है। पहले से ही हड़ताल पर रहने के कारण कर्ज लेकर किसी तरह से ये लोग अपना भरण पोषण कर रहे थे। आशा था कि पर्व के दौरान फरवरी माह का वेतन का भुगतान होगा।

लेकिन वह भी अबतक असफल हुई। सरकार ने शिक्षकों को छलने का काम किया है।पंकज सिंह मंटू ने जिले के मुस्लिम नियोजित शिक्षकों से दूरभाष के माध्यम से बातचीत कर उनका हाल-चाल लिया।श्री मंटू ने बताया कि वेतन नहीं मिलने के कारण 80 से ज्यादा शिक्षकों ने अपनी जान गवा दी। चार महीने से वेतन नहीं मिलना शिक्षकों के परिवार पर कितना बड़ा आफत है सरकार नहीं समझ रही है। उदवंतनगर के सचिव मोहम्मद आफताब अहमद, आरा नगर अध्यक्ष मोहम्मद असलम रजा, बिहिया कादिर खान, तनवीर अली, जगदीशपुर शिक्षिका शबनम परवीन, पीरों आरिफ रौनक, शिक्षक सिराज खान, संदेश अध्यक्ष सदाकत हुसैन, सरफराज व तरारी शिक्षक मोहम्मद अशरफ ने बताया कि वर्तमान की सरकार अल्पसंख्यक के नाम पर ढोंग करती है।पर्व पर भी वेतन भुगतान न करना सरकार की तानाशाह रवैया साफ दिख रही है। सभी ने बताया कि हम लोग का पर्व वेतन के अभाव में फीका रहेगा। राजेश कुमार सिंह जिला उपाध्यक्ष, परमेश्वर पासवान सचिव, दुर्गेश कुमार सिंह कोषाध्यक्ष, धर्मेंद्र प्रसाद ने भी अपना बात रखी।