
पिपरपाती मे सर्पदंश से अधेड़ महिला की मौत पसरा मातम
रमेश/बड़हरा :- प्रखंड अंतर्गत कृष्णागढ थाना क्षेत्र के पिपरपाती गांव में विगत मंगलवार को सर्पदंश से एक अधेड़ महिला की मौत हो गई।मिली जानकारी के अनुसार मंगलवार के सुबह थाना क्षेत्र के पिपरपाती गांव निवासी राजेंद्र चौधरी की पत्नी ज्ञानती देवी 45 वर्ष अपने मवेशियों को नाद में चारा डाल रही थी। इस दौरान नाद के अगल-बगल गिरे हुए चारा को हटाने लगी। इस बीच नाद के बगल में छुपे सर्प ने महिला को डंस दिया। इस दौरान महिला जोर जोर से चिल्लाने लगी। इसके बाद पहुंचे परिजनों ने आनन-फानन में महिला को झाड़-फूंक करने के लिए कहीं लेकर चले गए। इस दौरान अधेड महिला की मौत हो गई। महिला की मौत की खबर सुनते ही परिजनों में कोहराम मच गया। मृतक महिला की चार पुत्री और दो पुत्र हैं। पुत्रियों में रिंकू कुमारी, इनरी कुमारी, किरण कुमारी, अंजू कुमारी तथा पुत्र अमित कुमार और दिलीप कुमार हैं। इन सभी पर से मां का साया हमेशा के लिए उठ गया।इस घटनाक्रम से गांव में गमगीन माहौल उत्पन्न हो गया है।