रामायण, महाभारत देखकर लाेग घर में बिता रहे हैं समय
दर्शकों का प्यार के साथ माहौल बिल्कुल धार्मिक
9:00 बजते ही लोग दूरदर्शन चैनल लगाकर टीवी के समक्ष सपरिवार बैठ रहे हैं
संवाददाता सूरज कुमार राठी,जगदीशपुर
जगदीशपुर:–विश्व में महामारी का रूप ले चुके कोरोना वायरस संक्रमण से बचाव के लिए सरकार द्वारा घोषित 21 दिनों के लॉक डाउन के दरमियान प्रसिद्ध टीवी शो रामायण और महाभारत देखकर लोग घरों में अपना समय व्यतीत कर रहे हैं। भारत की जनता की मांग पर केंद्रीय सूचना एवं प्रसारण मंत्री के द्वारा राष्ट्रीय चैनल दूरदर्शन पर प्रसिद्ध टीवी शो रामायण कथा और महाभारत को फिर से प्रसारित किया जा रहा है। सुबह 9:00 बजते ही लोग दूरदर्शन चैनल लगाकर टीवी के समक्ष सपरिवार बैठ कर रामायण का आनंद उठा रहे है। जहां दर्शकों का प्यार तो मिल ही रहा है,इसके साथ ही माहौल बिल्कुल धार्मिक हो गया है।80 के दशक में प्रसारित होने वाले टीवी शो रामायण को जिस दिलचस्पी के साथ लोग उस समय देखते थे, वही दिलचस्पी अभी भी लोगों में देखने को मिल रही है। खासकर बुजुर्ग वर्ग में इस शो के प्रति ज्यादा ही लगाव देखा जा रहा है।इस संबंध में जगदीशपुर के लोगो ने बताया कि पुराने रामायण को फिर से टीवी पर प्रसारित करने के कारण लॉक डाउन के दरमियान 2 घंटे समय सुकून से व्यतीत हो रहा है। खाली समय में अब रोज सुबह 9:00 बजने का उसी तरह से इंतजार रहता है जिस समय से 80 के दशक में रहता था।अत्यंत लोकप्रिय धारावाहिक रामायण के दोबारा प्रसारण ने लोगों को भावविभोर कर दिया।

“मोनू निराला बोले कि घरों में लोग बोर ना हो, इसलिए सरकार ने रामायण सीरियल शुरू करके अच्छी पहल की है। इन धारावाहिकों के शुरू होने से न केवल समय अच्छा बीतेगा बल्कि युवाओं को भी भारतीय संस्कृति जानने का अवसर मिलेगा।”
समाजसेवी मोनु निराला
“चन्दा देवी ने कहा शुरू हुए रामायण ने बीते दिनों की याद ताजा कर दी। आज भी सीरियल को देख कर उतना ही अच्छा लगा।परिवार के सभी लोगों को नाश्ता कराने के बाद सभी लेागों ने साथ बैठकर रामायण देखी।”
चन्दा देवी गृहणी