
शूटर दादी के निधन पर सहरसा सिविलियन राइफल क्लब की अध्यक्ष एसपी लिपि सिंह ने शोक संवेदना की व्यक्त
रितेश हन्नी/सहरसा – शूटर दादी के नाम से मशहूर विश्व की सबसे उम्रदराज निशानेबाजों में शामिल यूपी के बागपत की रहने वाली चंदा तोमर के असामयिक निधन पर सहरसा सिविलियन राइफल क्लब की तरफ से गहरी संवेदना व्यक्त की गई है। क्लब की अध्यक्ष एसपी लिपि सिंह ने कहा है कि भारत के युवाओं एवं दिलों में कुछ कर गुजरने की चाहत रखने वाली सभी तबके की महिलाओं के लिए वह एक आदर्श थीं एक, प्रेरणास्रोत थी।
उनके असमय निधन की खबर भारतीय खेल जगत के साथ-साथ शूटिंग से जुड़े सभी खिलाड़ियों को गहरे सदमे में डाल दिया है। इस अवसर पर उन्होंने उनकी उपलब्धियों उनके मधुर व्यवहार एवं जुझारू व्यक्तित्व को याद किया एवं अपनी श्रद्धांजलि समर्पित की। सहरसा सिविलियन राइफल क्लब के सचिव त्रिदिव सिंह ने बताया कि विश्व की सबसे उम्र दराज निशानेबाज चंद्रा तोमर का 89 साल की उम्र में निधन हम सबों के लिए अपूर्णीय क्षति है।
60 साल की उम्र में निशानेबाजी शुरू कर उन्होंने तमाम राष्ट्रीय एवं अंतरराष्ट्रीय प्रतियोगिताओं में मैडल जीतकर देश का नाम रौशन किया। ग्रामीण परिवेश एवं रूढ़िवादी समाज की बेड़ियों को तोड़कर जिस प्रकार उन्होंने अपने जीवन में उपलब्धियां हासिल की वो अपने आप में मिसाल है। अपने जीवन काल में ही एक किंवदंती बन चुकी चंद्रा तोमर को बाहरी दुनिया शूटर दादी के नाम से जानती है।

कोरोना महामारी का भयावह रूप अबतक ऐसे कई प्रेरणादायी विभूतियों को असमय हमारे बीच से उठा चुका है। इस महामारी की भयावहता को देखते हुए एसपी लिपि सिंह एवं सचिव त्रिदिव सिंह ने सरकार एवं स्थानीय जिला प्रशासन के द्वारा निर्गत दिशा निर्देशों का पालन स्वयं तथा समाज के जीवन रक्षण के लिए आवश्यक बताया।