
लगाया आरोप: रालोसपा कार्यकर्ताओं को जदयू में नहीं मिल रहा है मान-सम्मान
● भोजपुर जिला के रालोसपा के पूर्व कार्यकर्ताओं की हुई बैठक
● कार्यकर्ताओं को एकत्रित कर मान-सम्मान की लड़ाई लड़ने का लिया निर्णय
राजकुमार वर्मा/जगदीशपुर (भोजपुर):-नगर पंचायत, जगदीशपुर के नया टोला स्थित एक निजी मकान में भोजपुर जिला के रालोसपा के पूर्व कार्यकर्ताओं की बैठक हुई। इसकी अध्यक्षता पूर्व युवा जिलाध्यक्ष रोहित कुशवाहा ने किया। बैठक में कार्यकर्ताओं ने आपस में विचार विमर्श करते हुए कई निर्णय लिया। कार्यकर्ताओं ने कहा कि रालोसपा के विलय के बाद रालोसपा कार्यकर्ताओं को उचित मान-सम्मान नहीं दिया जा रहा है, जिससे सभी कार्यकर्ता अपने आप को उपेक्षित महसूस कर रहे हैं। यदि उचित सम्मान नहीं मिला तो हम लोग अपना अलग रुख अपनाएंगे। रोहित कुशवाहा ने कहां की जिस दिन रालोसपा का विलय हुआ था, तो मुख्यमंत्री नीतीश कुमार ने बोले थे कि रालोसपा के कार्यकर्ताओं को उचित मान-सम्मान दिया जाएगा।
लेकिन, दो दिन पहले जदयू की सभी जिला कमेटी का गठन कर दिया गया व उसमें रालोसपा के किसी सदस्य को जगह नहीं दी गई। जिससे कार्यकर्ताओं में नाराजगी है। आगे श्री रोहित ने कहा कि जदयू के शीर्ष नेताओं के द्वारा रालोसपा कार्यकर्ताओं को उपेक्षित किया जाता रहा तो हम लोग चुप बैठने वाले नहीं है। कार्यकर्ताओं को एकत्रित कर अपने मान सम्मान की लड़ाई लड़ने का काम करेंगे। पंकज कुशवाहा ने कहा कि जदयू का यह कैसा लव-कुश समीकरण है कि रालोसपा में सबसे ज्यादा कुशवाहा समाज के ही कार्यकर्ता थे व उन्हें ही दरकिनार करके चला जा रहा है। साथ ही, कहा कि जदयू ने विलय के बाद से अभी तक किसी कुशवाहा कार्यकर्ता को कमेटी में जगह नहीं दी। इस मौके पर पूर्व रालोसपा के संजय कुशवाहा, विनय कुशवाहा, चंदन कुशवाहा, आनंद प्रकाश, आर्यन मौर्य, मोहन कुशवाहा, सूरज कुमार, कामेश्वर कुशवाहा, अशोक कुशवाहा, अभिषेक सिन्हा, महेश कुशवाहा, नरेंद्र कुशवाहा, रवि कुशवाहा, दीपेश कुमार, चंदन कुमार और रमेंद्र कुशवाहा सहित अन्य मौजूद रहे।