
जगदीशपुर: हथियारबंद अपराधियों ने लोजपा नेता को मारी गोली
आरा शहर के एक निजी अस्पताल चल रहा इलाज
किन कारणों से घटना को अंजाम दिया गया पुलिस कर रही तफ्तीश
राजकुमार वर्मा/जगदीशपुर (भोजपुर):-स्थानीय थाना अन्तर्गत इसाढ़ी गांव के समीप बुधवार की देर रात हथियारबंद अज्ञात अपराधियों ने एक कार्यक्रम देखकर बाइक से वापस घर लौट रहे लोजपा के प्रदेश महासचिव को गोली मार दी। चालीस वर्षीय प्रेम चंद यादव कुसुम्हा गांव निवासी राम तपस्या सिंह के पुत्र हैं। उनका इलाज निजी अस्पताल में कराया जा रहा है। जानकारी के मुताबिक, लोजपा नेता प्रेम चंद यादव पीरो थाना क्षेत्र के कचनथ गांव निवासी व अपने साले संजीव कुमार के साथ बाइक पर सवार होकर कितापुर गांव में एक कार्यक्रम में गए थे। कार्यक्रम में शामिल होने के बाद बुधवार की रात बाइक से अपने साले के साथ वापस कुसुम्हा गांव लौट रहे थे कि उसी दौरान हथियारबंद अपराधियों ने उन्हें गर्दन पर गोली मार दी, जिससे लोजपा नेता गंभीर रूप से जख्मी हो गए। इसके बाद उन्हें इलाज के लिए आरा शहर के एक निजी अस्पताल लाया गया, जहां उनका इलाज कराया जा रहा है। डॉक्टर की मानें तो जख्मी की स्थिति फिलहाल स्टेबल है। हालांकि, अभी उन्हें अस्पताल में ही रखा जाएगा। किन कारणों से घटना को अंजाम दिया गया इसकी स्पष्ट जानकारी नहीं मिल पाई है। लोजपा नेता को गोली सिर में पीछे लगी थी। दायें साइड गर्दन में आकर फंस गई थी। इस पूरे मामले को पुलिस तफ्तीश कर रही है।
जख्मी लोजपा नेता से मिले विधायक, अपराधियों की गिरफ्तारी की एसपी से की मांग
स्थानीय विधायक राम विशुन सिंह लोहिया ने अस्पताल में जाकर लोजपा नेता प्रेमचंद्र यादव से मुलाकात कर उनका हालचाल जाना। इस दौरान विधायक ने एसपी से बातचीत कर अपराधियों की जल्द गिरफ्तारी करने की मांग की। विधायक ने कहा कि भोजपुर में अपराध चरम पर है पुलिस और सरकार क्राइम रोकने पर फेल है।
लोजपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष चिराग पासवान ने की फोन पर बात
अज्ञात अपराधियों द्वारा लोजपा नेता प्रेमचंद यादव की गोली लगने की खबर जैसे ही लोजपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष चिराग पासवान के पास पहुंचा तो उन्होंने प्रेमचंद यादव से फोन पर बात कर स्वास्थ्य के बारे में जानकारी ली। लोजपा नेता ने राष्ट्रीय अध्यक्ष को बताया कि मैं अभी ठीक हूं। उन्होंने पूरी घटना की जानकारी राष्ट्रीय अध्यक्ष को दी। मुखिया संघ के प्रखंड अध्यक्ष नीरज कुशवाहा ने जानकारी दी।